Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

ICU में एडमिट है श्रेयस अय्यर, सिडनी वनडे में कैच के दौरान पसलियों में लगी थी चोट

IND vs AUS: भारत की वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच के दौरान पसलियों में लगी चोट के कारण आंतरिक रक्तस्राव के बाद वे फिलहाल गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं।

अय्यर ने बैकवर्ड प्वाइंट से पीछे की ओर दौड़ते हुए एलेक्स कैरी का शानदार कैच लिया था। ऐसा लगता है कि इस दौरान उनकी बाईं पसली में चोट लग गई थी और शनिवार को ड्रेसिंग रूम में लौटने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने बताया, ‘‘श्रेयस पिछले दो दिन से आईसीयू में भर्ती है। रिपोर्ट आने के बाद आंतरिक रक्तस्राव का पता चला और उन्हें तुरंत भर्ती कराना पड़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें दो से सात दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा, क्योंकि रक्तस्राव के कारण संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ऐसा करना जरूरी है।’’ ड्रेसिंग रूम में लौटने पर अय्यर की स्थिति का आकलन करने के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती करने का फैसला किया।

सूत्र ने कहा, ‘‘टीम के डॉक्टर और फिजियो ने कोई जोखिम नहीं उठाया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। अब हालत स्थिर है, लेकिन ये जानलेवा हो सकता था। वह एक मज़बूत खिलाड़ी हैं। वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे।’’
शुरुआत में अय्यर के लगभग तीन हफ्ते तक खेल से बाहर रहने की उम्मीद थी, लेकिन अब उन्हें पूरी तरह फिट होने में अधिक समय लग सकता है।

सूत्र ने कहा, ‘‘आंतरिक रक्तस्राव हुआ है, इसलिए उन्हें पूरी तरह फिट होने में अधिक समय लग सकता है। अभी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित समयसीमा निर्धारित करना मुश्किल है।‘‘ इस 31 साल के खिलाड़ी को भारत वापस जाने के लिए फिट घोषित किए जाने से पहले कम से कम एक हफ्ते तक सिडनी के अस्पताल में रहना होगा। अय्यर भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।