Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

शाई होप ने हेटमायर को तीसरे नंबर के लिए बताया बहुमूल्य खिलाड़ी, कहा- निचले क्रम में उनकी प्रतिभा जा रही थी बेकार

T20 World Cup 2026: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा कि शिमरोन हेटमायर मौजूदा टी20 विश्व कप में तीसरे नंबर पर बहुमूल्य खिलाड़ी साबित हुए हैं और इस बात पर अफसोस जताया कि पहले बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजे जाने पर इस बिग हिटर का सही उपयोग नहीं हो पा रहा था।

हेटमायर की 34 गेंदों पर खेली गई 85 रन की पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने सोमवार को मुंबई में सुपर आठ के मैच में जिम्बाब्वे को 107 रन से करारी शिकस्त दी जिसे होप ने दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ होने वाले मैचों से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत करार दिया।

हेटमायर ने सात छक्के और इतने ही चौके लगाए जिससे वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 254 रन बनाए जो टी20 विश्व कप के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। होप ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘वे (हेटमायर) जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है उसको देखकर मुझे लगता है की बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजे जाने से उनकी प्रतिभा कुछ हद तक बेकार गई। वे इतना अच्छा बल्लेबाज है कि किसी भी तरह की स्थिति में बल्लेबाजी कर सकता है फिर चाहे वह स्पिन हो या तेज गेंदबाजी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे तीसरे नंबर पर बहुमूल्य खिलाड़ी साबित हुए हैं। वह इस नंबर पर पूरी तरह स्वच्छंद होकर खेलते हैं और हम उनसे यही चाहते हैं। इस टूर्नामेंट में वह हमारे लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए हैं। हमने उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला से यह भूमिका सौंपी थी और उन्होंने इसे अच्छी तरह से निभाया।’’

हेटमायर अपने करियर में अधिकतर समय तक निचले क्रम के बल्लेबाज रहे हैं और फिनिशर के रूप में पांचवें से सातवें नंबर के बीच बल्लेबाजी करते रहे हैं। लेकिन मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने ऊपरी क्रम में प्रभावशाली बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है।

वेस्टइंडीज की टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत के बारे में होप ने कहा, ‘‘जिस तरह से हम खेल रहे हैं उसे निश्चित रूप से हमें बहुत आत्मविश्वास मिलता है। ये शानदार शुरुआत है जिससे हमें दक्षिण अफ्रीका और उसके बाद भारत के खिलाफ होने वाले मैचों के लिए काफी आत्मविश्वास मिलेगा।’’