Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

शशि थरूर ने की गौतम गंभीर की प्रशंसा, कहा- पीएम के बाद भारत में सबसे मुश्किल काम संभाल रहे

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस प्रचलित धारणा को खारिज कर दिया है कि टीम चयन में उनके पास ‘असीमित अधिकार’ हैं और कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा उनकी भूमिका को ‘प्रधानमंत्री के बाद सबसे मुश्किल काम’ बताने के बाद खुद को ‘अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ा किए जाने’ पर उन्होंने हैरानी जताई है।

क्रिकेट के शौकीन शशि थरूर ने नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले गौतम गंभीर के साथ एक सेल्फी साझा की और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज की लगातार आलोचनाओं के बावजूद अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उनकी प्रशंसा व्यक्त की।

शशि थरूर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘नागपुर में मेरे पुराने मित्र गौतम गंभीर के साथ अच्छी और खुलकर बातचीत का आनंद लिया, जो प्रधानमंत्री के बाद भारत में सबसे मुश्किल काम संभाल रहे हैं। लाखों लोग रोजाना उन पर सवाल उठाते हैं, लेकिन वे शांत रहते हैं और पूरी निर्भीकता के साथ अपने काम को अंजाम देते हैं। उनके शांत दृढ़ संकल्प और सक्षम नेतृत्व के लिए प्रशंसा के कुछ शब्द। उन्हें आज से ही सभी सफलताओं की शुभकामनाएं।’’

गौतम गंभीर ने इस पर देर रात जवाब दिया और उन कुछ चर्चाओं का जिक्र किया जो उनके कार्यकाल में हावी रही हैं। गंभीर ने एक्स पर लिखा, ‘‘डॉ. शशि थरूर आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। जब मामला शांत हो जाएगा तब कोच के कथित ‘असीमित अधिकार’ को लेकर सच्चाई और तर्क स्पष्ट हो जाएंगे। तब तक मुझे खुद के खिलाफ खड़ा देखकर हंसी आ रही है।’’

जब से गंभीर ने भारतीय टीम की कमान संभाली है, तब से टीम में तीनों प्रारूपों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। सूर्यकुमार यादव को भारत का टी20 कप्तान नियुक्त करने से लेकर रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने तक टीम में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। इस दौरान शुभमन गिल को टेस्ट और वनडे टीम का कप्तान भी नियुक्त किया गया था।