Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में 3 हजार रन पूरे करने वाली तीसरी भारतीय बनीं

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप मुकाबले में महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह यह आंकड़ा पार करने वाली तीसरी भारतीय बल्लेबाज बन गईं।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शेफाली ने अपनी पारी का सातवां रन बनाते ही 3,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और अपनी साथी ओपनर स्मृति मंधाना के खास क्लब में जगह बना ली। स्मृति मंधाना के नाम 4,680 से ज्यादा रन, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 4,231 रन बनाए हैं। वहीं, शेफाली 3,000 रन का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की 16वीं महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

शेफाली ने अपने 114वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 137.46 का शानदार स्ट्राइक रेट है। उन्होंने अब तक 19 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका बल्लेबाजी औसत 28.08 रहा है। शेफाली सबसे कम पारियों में 3,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज भी बन गई हैं। उन्होंने यह कारनामा 113 पारियों में किया।

स्मृति मंधाना को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 122 पारियां, जबकि हरमनप्रीत कौर को 135 पारियां लगी थीं। हालांकि, दुनिया में सबसे तेज 3,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी के नाम है। उन्होंने सिर्फ 100 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। शेफाली वर्मा मौजूदा महिला एशिया कप में भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ 36 गेंदों पर 64 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी। इसके बाद हांगकांग के खिलाफ उन्होंने 28 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 3,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करके शेफाली ने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।