Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

IND vs NZ: तिरुवनंतपुरम में आखिरी मुकाबला, सैमसन की फॉर्म और अक्षर की फिटनेस पर रहेगी नजर

IND vs NZ: खिताब का मजबूत दावेदार भारत टी20 विश्व कप से पहले शनिवार को जब तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने के लिए उतरेगा तो उसे उम्मीद रहेगी कि विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन अपने घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में वापसी करने में कामयाब रहेंगे।

विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। भारत यह मैच हार गया था लेकिन इससे सीरीज के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि भारतीय टीम पहले ही इसे अपने नाम कर चुकी थी।

ईशान किशन सैमसन के लिए एक महत्वपूर्ण बैकअप विकल्प हैं और इस सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज को चोट की वजह से पिछले मैच से बाहर बैठना पड़ा था। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उंगली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। हालांकि, बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर कुछ गेंदें फेंकी थीं।

वहीं विशाखापत्तनम में मिली जीत से उत्साहित न्यूजीलैंड का मानना ​​है कि उन्हें भारत को चुनौती देने का फॉर्मूला मिल गया है। ऐसे में उनकी निगाहें सीरीज के आखिरी मैच में भी जीत हासिल करने पर टिकी चुकी होंगी।