Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

IPL 2025: शुक्रवार को आमने-सामने होंगे MI और LSG, फॉर्म पर रहेगी रोहित और पंत की नजरें

मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में शुक्रवार को यहां जब आमने सामने होंगी तो सभी की निगाह रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर टिकी रहेगी।

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की खराब फॉर्म मुंबई के लिए चिंता का विषय है। यही बात लखनऊ के कप्तान पंत पर भी लागू होती है जो लीग में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इन दोनों धुरंधर बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का असर नतीजे पर साफ नजर आ रहा है। 

बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके मुंबई की टीम में आशा की नई किरण जगाई है। अश्वनी कुमार ने इस मैच में 24 रन देकर चार विकेट लिए थे।

लखनऊ के लिए अच्छी बात ये है कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाज निकोलस पूरन अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने तीन मैच में अब तक 189 रन बनाए हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श को छोड़कर लखनऊ का कोई भी दूसरा बल्लेबाज पूरन की तरह बल्लेबाजी नहीं कर पाया है। लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी और कप्तान पंत का अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना है।

10 टीमों की अंक तालिका में मुंबई इंडियंस पांचवें नंबर पर है जबकि एलएसजी उसके बाद छठे पायदान पर है। अब दोनों ही टीमें अपने-अपने सुपरस्टार खिलाड़ी से उम्मीद लगाए हैं कि वे तीन मैचों की नाकामी का सिलसिला तोड़ेंगे और अपनी टीम को जीत दिलाकर दो अहम अंक उसके खाते में डालेंगे।