Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

ऋषभ पंत ने चोट की चिंता को किया दूर, दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए फिर से उतरे

India A vs South Africa A: भारत ‘ए’ के कप्तान ऋषभ पंत ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन रिटायर्ड हर्ट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए दोबारा मैदान पर उतरते ही चोट की चिंताओं को दूर कर दिया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) के मैदान पर दिन के शुरुआती सत्र के अंतिम क्षणों में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज शेपो मोराकी की गेंद पर तीन बार चोट लगने के बाद पंत को एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर ले जाया गया।

पंत जब रिटायर हर्ट हुए तब वह 22 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल मैदान पर आए। उन्हें बाद में बायें हाथ पर पट्टी बांधे देखा गया।  पहली पारी में 24 रन बनाने वाले पंत को 14 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।  

हर्ष दुबे के आउट होने के बाद उन्होंने हालांकि क्रीज पर दोबारा आकर चोट की चिंताओं को दूर किया। इससे पहले टीम के एक अधिकारी ने पीटीआई वीडियो को बताया, ‘‘टीम के फिजियो उन पर नजर रखे हुए हैं और अगर जरूरत महसूस हुई तो वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं।"

पंत को रिवर्स पुल खेलने के प्रयास में मोराकी की गेंद हेलमेट पर लगी। इसके बाद सामान्य तरीके से पुल शॉट खेलते समय उनकी कोहनी पर चोट लगी। भारतीय विकेटकीपर को फिर पेट के हिस्से पर गेंद लगी जिससे वह दर्द से कराह उठे। तीनों ही मौकों पर उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी। इंडिया ‘ए’ के कोच ऋषिकेश कानितकर ने आखिरकार पंत को वापस लौटने को कहा, जबकि वह बल्लेबाजी जारी रखना चाहते थे।