Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

IPL 2025: मुंबई और दिल्ली का अहम मुकाबला आज, प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए दोनों का जीतना जरूरी

आईपीएल 2025 के प्ले ऑफ राउंड में सीट पक्की करने के लिहाज से आज बेहद अहम मुकाबला है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एमआई का मुकाबला डीसी से होना है। घरेलू मैदान और इस लीग में प्रदर्शन के आधार पर मुंबई इंडियंस को फेवरेट माना जा रहा है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स भी पिछले कुछ मैच से शानदार फॉर्म में आ गई है। 

19 मई को सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हरा दिया था। इससे एलएसजी की प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई थीं। अगर आज के मैच में मुंबई इंडियंस की जीत होती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और डीसी प्ले ऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। लेकिन डीसी के जीतने पर एमआई प्ले ऑफ की रेस से बाहर नहीं होगी। अक्षर पटेल की टीम को प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए पीबीकेएस को भी हराना होगा।

डीसी और एमआई के बेहद अहम मैच पर बारिश का भी साया है।20 मई को मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। अगर बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता है तो एक-एक अंक दोनों टीम को मिल जाएगा।

एमआई के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा पर सभी की निगाहें टिकी होंगी क्योंकि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह उनका पहला मैच होगा। हिटमैन अपने अनुभव का प्रदर्शन घरेलू मैदान पर करना चाहेंगे। अगर ऐसा होता है तो एमआई के लिए प्ले ऑफ की राह काफी आसान हो सकती है।

डीसी की बात करें तो उसने इस बार के आईपीएल की शुरुआत के छह मैचों में से पांच जीते थे लेकिन उसके बाद डीसी ट्रैक से उतर गई। डीसी के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है लेकिन कप्तान अक्षर पटेल के लिए यह सीज़न काफी हद तक निराशाजनक रहा है। अक्षर पटेल ने अब तक इस आईपीएल में 263 रन बनाए हैं और केवल पांच विकेट ही लिए हैं। 

प्ले ऑफ राउंड के लिए बेहद अहम मैच साढ़े सात बजे शुरू होगा। अगर बारिश ने खलल नहीं डाला तो दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।