ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने के कारण चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेल पाएंगे जिससे उसकी इस आईसीसी टूर्नामेंट को जीतने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। कमिंस टखने की चोट से नहीं उबर पाए हैं, जिसने उन्हें भारत के खिलाफ हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट श्रृंखला के दौरान भी परेशान किया था।
हेजलवुड अभी भी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। वह अपनी इस चोट के कारण भारत के खिलाफ अंतिम दो टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। कमिंस और हेजलवुड के बाहर होने से ऑस्ट्रेलिया की परेशानी बढ़ गई है क्योंकि ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने वनडे से अचानक संन्यास लेने की घोषणा की है और मिशेल मार्श पीठ की चोट से नहीं उबर पाने के कारण पहले ही चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय चयन पैनल के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने गुरुवार को कहा, ‘‘दुर्भाग्य से पैट, जोश और मिच चोटों से जूझ रहे हैं और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। यब निराशाजनक है लेकिन इससे अन्य खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा ।’’ कमिंस की अनुपस्थिति में, स्टीव स्मिथ या ट्रैविस हेड चैंपियंस ट्रॉफी में वनडे विश्व कप विजेता टीम का नेतृत्व कर सकते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से पाकिस्तान और दुबई में खेली जाएगी। ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मैच 22 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है। इसके बाद उसे बाद दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेलने हैं। कमिंस और हेजलवुड का इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना भी संदिग्ध है। कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान हैं, जबकि हेजलवुड को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने नीलामी में 12.50 करोड़ रुपये में खरीदा है।
पैट कमिंस और जोश हेजलवुड चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर
You may also like
हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त.
एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन ने जीते दो स्वर्ण, योगी सरकार ने उपलब्धि पर जताया गर्व.
Asian Para Games 2026: भारतीय पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी को पैरा रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में स्वर्ण.
Asian Para Games 2026: हानी और संदीप ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण.