Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

देहरादून में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में जुटने लगे छात्र, पेपर लीक समेत शिक्षा व्यवस्था पर होगा संवाद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' के तहत शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड (रेसकोर्स) में आयोजित कार्यक्रम में खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र पहुंचने लगे हैं। राहुल गांधी शाम को छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल हैं। छात्र कार्यक्रम में "जब सिस्टम की नीयत पेपर लीक हो, तो छात्रों का भविष्य कमजोर होना तय है" जैसे नारों के साथ पहुंचे हैं।

कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया।अमर मेहता की गुरुवार देर रात कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान लोहे का कटर गिरने से हुई दुर्घटना में मौत हो गई थी। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि देहरादून का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम छात्रों के साथ राहुल गांधी का दूसरा बड़ा संवाद है। इससे पहले राजस्थान के कोटा में कोचिंग संस्थानों से जुड़े मुद्दों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि इस बार चर्चा केवल NEET पेपर लीक तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि CBSE, CUET सहित पूरे परीक्षा तंत्र और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित 'विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान (VBSA) विधेयक' शिक्षा व्यवस्था का अत्यधिक केंद्रीकरण करेगा। जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी शिक्षा व्यवस्था की तीन प्रमुख समस्याएं—निजीकरण, केंद्रीकरण और 'संघीकरण'—का जिक्र कर चुके हैं, जिनसे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

देहरादून पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'देवभूमि' उत्तराखंड को पेपर लीक का केंद्र बना दिया गया है। राहुल गांधी ने UKSSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी व्यवस्था बन गई है, जहां पटवारी और लेखपाल जैसी सरकारी नौकरियां योग्यता नहीं, बल्कि पैसों के आधार पर तय होती हैं।राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से की थी। अब यह अभियान देहरादून पहुंचा है। कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के जरिए देशभर में छात्रों की समस्याओं, परीक्षा अनियमितताओं, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।