Breaking News

यूपी: सीएम योगी के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी को एक वर्ष का सेवा विस्तार     |   पश्चिम बंगाल: कोलकाता में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 5.0 तीव्रता दर्ज हुई     |   दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने पर के. कविता ने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया     |   तमिलनाडु में चुनाव तैयारियां अंतिम चरण में, तारीखों का ऐलान जल्द: सीईसी ज्ञानेश     |   दिल्ली: 'सच की जीत हुई', शराब घोटाले में केजरीवाल के बरी होने पर बोलीं पत्नी सुनीता     |  

T20 WC: भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा पाकिस्तान, लेकिन टूर्नामेंट में लेगा भाग

T20 WC: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है।

पाकिस्तान सरकार के इस फैसले को इस विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किये जाने के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने उसे ठुकरा दिया था।

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ‘‘मैदान पर नहीं उतरेगी।’’

इस फैसले के साथ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के बीच यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के माहौल में सामने आया है।

सरकार ने सोशल मीडिया पर कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’’ इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा था कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद टीम की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार द्वारा लिया जाएगा।