IPL 2026: मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मंगलवार को कहा कि रोहित शर्मा आईपीएल 2026 से पहले काफी फिट और पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं और उन्होंने अपने कौशल पर जमकर काम किया है। टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके रोहित ने पिछली बार जनवरी में भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी। जयवर्धने को उम्मीद है कि भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान टीम का मार्गदर्शन करना जारी रखेंगे।
जयवर्धने ने सूर्यकुमार यादव की भी तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टी20 कप्तान अपनी व्यक्तिगत फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप में टीम को रिकॉर्ड तीसरा खिताब दिलाने में सूर्यकुमार की कप्तानी शानदार रही। जयवर्धने ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे एक खास खिलाड़ी हैं। उनके मुताबिक बुमराह की कार्यशैली और खेल को समझने का तरीका अलग है।
जयवर्धने कहा कि भारत ने टूर्नामेंट के अंतिम चरण में बेहतरीन प्रदर्शन किया और पुरुषों के टी20 विश्व कप और महिला वनडे विश्व कप की जीत से नई पीढ़ी और खासकर एमआई जूनियर कैंप के खिलाड़ियों को काफी प्रेरणा मिल रही है। आईपीएल के नए सीजन से पहले, जयवर्धने ने कहा कि टीम बहुत आगे के बारे में नहीं सोच रही है, बल्कि 29 मार्च को होने वाले लीग के अपने पहले मैच पर ध्यान दे रही है।