Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

'हर दिन बेहतर हो रहा हूं... फिलहाल', श्रेयस अय्यर ने अपनी चोट को लेकर दिया बड़ा अपडेट

भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान और स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अपनी चोट को लेकर जानकारी साझा की है। श्रेयस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे इस वक्त रिकवरी की प्रक्रिया में हैं और हर गुजरते दिन के साथ बेहतर महसूस कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का मुश्किल कैच लेने की कोशिश में अय्यर को बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट लग गई थी। घायल होने के बाद एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने पहले पोस्ट में श्रेयस ने लिखा, 'मैं इस समय रिकवरी प्रक्रिया में हूं और हर गुजरते दिन के साथ बेहतर महसूस कर रहा हूं।'

उन्होंने प्रशंसकों से मिली अपार शुभकामनाओं और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह वास्तव में उनके लिए बहुत मायने रखता है। उन्होंने सभी को उन्हें दुआओं और सोच में रखने के लिए शुक्रिया अदा किया। मैच में चोट लगने के बाद श्रेयस अय्यर फिजियो की मदद से मैदान से बाहर चले गए। हालांकि बाद में उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाद में किए गए परीक्षणों में आंतरिक रक्तस्राव का पता चला, जिसके बाद उन्हें गहन निगरानी के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया। बीसीसीआई ने मंगलवार को पुष्टि की कि अय्यर की हालत स्थिर है और उन्हें आईसीयू से बाहर ले जाया गया है।