Breaking News

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में थाइलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला हुआ     |   स्विट्जरलैंड: रेलवे कोच में आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत     |   NCERT किताब विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को डोमेन एक्सपर्ट कमेटी के गठन का आदेश दिया     |   सेंसेक्स 1342 अंक गिरकर 76,863 पर बंद, निफ्टी 394 अंक गिरकर 23,866 पर पहुंचा     |   मिडिल ईस्ट में अब बैंक और वित्तीय संस्थान हमारे निशाने पर, युद्ध के बीच ईरान का ऐलान     |  

पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने किया ऋषभ पंत का समर्थन

पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने मंगलवार को आलोचनाओं से घिरे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का समर्थन करते हुए कहा कि ध्यान उनकी असफलताओं पर होना चाहिए ना कि उनके शॉट चयन पर। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने शनिवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में पंत की ‘बेवकूफी भरे’ शॉट के लिए उनकी आलोचना की।

इसके बाद सोमवार को इस बल्लेबाजों के एक और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मेहमान टीम के 184 रन से मैच हारने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि इस तेजतर्रार विकेटकीपर को ये समझने की जरूरत है कि उनसे क्या अपेक्षित है।दूसरी पारी में पंत कामचलाऊ स्पिनर ट्रेविस हेड की शॉर्ट पिच गेंद पर आउट हो गए जिसके कारण कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की।

पंत के शॉट चयन को लेकर चल रही बहस पर टिप्पणी करते हुए मांजरेकर ने ट्वीट किया, ‘‘पंत की आलोचना सिर्फ उनकी असफलताओं के लिए की जानी चाहिए, ना कि इस बात के लिए कि वह कैसे असफल होते हैं। टेस्ट मैचों में उनका औसत 42 है और किसी भारतीय द्वारा खेली गई कम से कम तीन बेहतरीन पारियां हैं। 42 टेस्ट मैच में उन्होंने छह शतक और सात बार 90 से अधिक रन बनाए। वे एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो पर्याप्त रन नहीं बना पा रहा और यही इसका सार है।’’

दिसंबर 2022 में भयानक दुर्घटना से वापसी के बाद से नौ मैच में पंत ने कुछ महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ शतक और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार 99 रन और अंतिम मैच में 60 रन से अधिक की दो पारियां शामिल हैं।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पंत को बल्ले से संघर्ष करते हुए देखा गया है जिसमें इस खिलाड़ी ने सात पारियों में 154 रन बनाए हैं।

मौजूदा सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच तीन जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया एडीलेड और मेलबर्न में जीत के बाद 2-1 से आगे चल रहा है जबकि भारत ने पर्थ में सीरीज का पहला मैच जीता था।