Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

IPL 2026: 'मैंने लिखकर रखा था कि चार-पांच विकेट लूंगा', RR के खिलाफ यादगार डेब्यू पर बोले प्रफुल्ल हिंगे

IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे (34 रन देकर चार विकेट) ने सोमवार को आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद कहा, "मैंने कहीं लिखकर रखा था कि मैं अपने पदार्पण मैच में चार या पांच विकेट लूंगा।"

विदर्भ के इस तेज गेंदबाज ने अपने इस संकल्प को हकीकत में बदल दिया। उन्होंने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी, जिससे टेबल-टॉपर्स (शीर्ष पर चल रही टीम) का 217 रनों का लक्ष्य हासिल करने की कोशिश शुरू होने से पहले ही पूरी तरह से बिखर गया।

हिंगे ने 2-0-6-4 के अपने शानदार शुरुआती स्पेल में आरआर के बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। इस प्रदर्शन ने एसआरएच की 57 रनों की विशाल जीत का रास्ता साफ कर दिया और मेहमान टीम को पांच मैचों में पहली हार का सामना करना पड़ा।

मैच के बाद हिंगे ने कहा, "मैंने कहीं लिखकर रखा था कि मैं अपने पदार्पण मैच में चार-पांच विकेट लूंगा। मैंने पावरप्ले में अपना दबदबा बनाने के बारे में सोचा था। मैं इस (संकल्प शक्ति) पर भरोसा करता हूं।"

"13 साल की उम्र में, मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। मुझे नहीं पता था कि लेदर बॉल क्रिकेट क्या होता है। मैंने अपने पिता से एक क्लब में शामिल होने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने कहा कि मैं अभी बहुत छोटा हूं। फिर वे मुझे वहां ले गए और उसके बाद मैं खेलता रहा। मैं ये पुरस्कार अपने परिवार को समर्पित करना चाहता हूँ।"

हिंगे ने दावा किया कि उन्होंने अपने टीम के साथियों से कहा था कि वे आरआर के वैभव सूर्यवंशी को बाउंसर डालकर आउट करेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने लोगों से कहा था कि मैं उन्हें बाउंसर डालूंगा और आउट कर दूंगा। मैं बस उन्हें आउट करना चाहता था। वरुण भाई (हमारे गेंदबाजी कोच) ने इसकी योजना बनाने में मेरी मदद की, इसलिए धन्यवाद।"