भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने शुक्रवार को ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर दिया है। अब प्रीति के पास गोल्ड मेडल जीतने का भी मौका है।
सेमीफाइनल में पहुंचकर पहले ही कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर चुकीं प्रीति ने मुकाबले के दौरान शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। साउथपॉ स्टांस में खेलते हुए उन्होंने पहले राउंड में शानदार कॉम्बिनेशन और बेहतरीन मूवमेंट का प्रदर्शन किया। प्रीति के दमदार पंच के कारण म्वापे को स्टैंडिंग काउंट भी झेलना पड़ा। प्रीति ने यह राउंड 5-0 से अपने नाम किया।
दूसरे राउंड में जाम्बियाई मुक्केबाज ने आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश की, लेकिन प्रीति ने सटीक काउंटर पंचिंग के जरिए उन्हें मात दी। इस राउंड में भी म्वापे को स्टैंडिंग काउंट का सामना करना पड़ा और सभी पांच जजों ने प्रीति के पक्ष में 10-8 का स्कोर दिया। तीसरे और आखिरी राउंड में म्वापे ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन प्रीति ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने सटीक बॉडी शॉट्स और लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन लगाते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
अब प्रीति पवार शनिवार को महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से भिड़ेंगी। प्रीति की नजर अब कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडल पर होगी। वह इस साल पहले ही वर्ल्ड कप और एशियन चैंपियनशिप के खिताब जीत चुकी हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत अब तक कुल 17 मेडल जीत चुका है, जिसमें 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
भारत के लिए गोल्ड मेडल मीराबाई चानू (महिलाओं की 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग), शर्मिला धांकर (महिलाओं की शॉट पुट F57) और दिलीप गावित (पुरुषों की 100 मीटर T47) ने जीते हैं। भारत ने अब तक सिल्वर मेडल ऋषिकांता सिंह, मुथुपांडी राजा, ज्ञानेश्वरी यादव, सर्वेश कुशारे, वल्लूरी अजया बाबू, हरजिंदर कौर, गुलवीर सिंह, मुरली श्रीशंकर, मोहम्मद बासिल और लवप्रीत सिंह ने जीते हैं। वहीं, झंडू कुमार, बिंद्यारानी देवी, शिल्पा के शायला और सीमा कालीरमणा ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।