Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

IPL 2025: क्या बुमराह का सामना कर पाएंगे वैभव सूर्यवंशी? 14 साल की इस सनसनी के लिए कड़ी चुनौती

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुरुवार को आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी। इस दौरान सबकी निगाहें एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स के 14 साल के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर हैं, जिन्होंने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था। उनके ऐतिहासिक शतक ने हर टीम को अपनी ओर आकर्षित किया है।

हालांकि आरआर सात हार और तीन जीत के साथ प्ले ऑफ से बाहर होने की कगार पर है, लेकिन सूर्यवंशी का फॉर्म मेन इन पिंक के लिए बड़ी मददगार हो सकती है, क्योंकि वे पांच बार के चैंपियन का सामना करने के लिए तैयार हैं, जो लगातार जीत की लय में हैं।

वैभव को गेंदबाजों की जमकर धुनाई करने के लिए जाना जाता है। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि गेंदबाज की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में क्या छाप है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि वे जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ड, दीपक चाहर और मिशेल सेंटनर जैसे बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कैसे करते हैं।

बोल्ट ने राजस्थान रॉयल्स के 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का सामना करने की संभावना को "रोमांचक" बताया, लेकिन कहा कि ये ऐसा कुछ नहीं है जो सवाई मानसिंह स्टेडियम की सपाट पिच पर उन्हें "चिंतित" करेगा।

14 साल के सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में 101 रन बनाकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है और आईपीएल और ओवरऑल पुरुष टी20 क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उनकी 35 गेंदों की पारी टूर्नामेंट में दूसरा सबसे तेज शतक भी था।