Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

विराट ने खिताब जीतने के सपने को हकीकत में बदला, भज्जी बोले- सचमुच हकदार थे, इतना भावुक पहले नहीं देखा

आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के 17 सीज़न के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आखिरकार अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। ये लम्हा टीम के लिए खास रहा तो स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लिए भावुक करने वाला। पिछले हर सीजन में आरसीबी का ख्वाब टूटने के बाद अब ये हकीकत में तब्दील हुआ है। इसलिए जीत का जश्न खास अंदाज़ में मनाते हुए क्रिकेट की दुनिया से जुड़े लोग आरसीबी और विराट कोहली को बधाई दे रहे हैं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह का कहना है कि विराट और उनकी टीम इस खिताब का “सचमुच हकदार”  और उन्होंने विराट को इससे पहले कभी इस तरह भावुक होते नहीं देखा।

आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने आरसीबी को उनके पहले आईपीएल खिताब के लिए बधाई दी और टीम के दमदार प्रदर्शन की तारीफ की। धूमल ने कहा कि वे खास तौर से विराट कोहली को फ्रेंचाइजी के लिए साल दर साल समर्पण और जुनून के साथ खेलने के बाद आखिरकार ट्रॉफी उठाते देखकर खुश हैं।

आईपीएल ट्रॉफी हासिल करने का विराट कोहली का लंबे वक्त का इंतजार खत्म होने पर उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी बेहद खुश और भावुक दिखे। कोहली को खेल की बारीकियां सिखाकर उन्हें आगे बढ़ने की राह दिखाने वाले कोच राजकुमार का कहना है कि आईपीएल ट्रॉफी जीत ने विराट के शानदार करियर में दिख रही कमी को पूरा कर दिया है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और जर्सी नंबर 18 पहने विराट कोहली ने मंगलवार रात दर्द और निराशा के बाद 18 साल के सपने को सच कर दिया। फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हार मिली और आरसीबी ने अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीता।