Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

Women WC: भारतीय टीम को करारा झटका, प्रतिका रावल वनडे विश्व कप से बाहर

Women WC: फॉर्म में चल रही सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने और टखने की चोट के कारण सोमवार को आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के बाकी मैचों से बाहर हो गईं जिससे भारतीय टीम को करारा झटका लगा है।

बांग्लादेश के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत के अंतिम लीग मैच के दौरान प्रतिका का दाहिना टखना मुड़ गया था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई वीडियो को बताया, ‘‘वह जिस तरह से गिरीं थीं, उससे साफ हो गया था कि वह नॉकआउट मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ’’

21वें ओवर की आखिरी गेंद पर जब प्रतिका गेंद रोकने के लिए डीप मिडविकेट से दौड़ीं तो उनका दाहिना पैर गीले मैदान में फंस गया और वह दर्द से कराहते हुए गिर पड़ीं। भारतीय खिलाड़ी भाग कर प्रतिका के पास पहुंची और एक स्ट्रेचर भी मैदान में लाया गया लेकिन यह 25 साल की खिलाड़ी सहयोगी स्टाफ की मदद से मैदान से बाहर चली गईं।

प्रतिका पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं और उन्होंने छह पारियों में 51.33 के औसत से 308 रन बनाए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला विश्व कप शतक लगाया। इस दौरान वह महिला वनडे में संयुक्त रूप से सबसे तेज 1000 रन बनाने वाली खिलाड़ी भी बनीं। प्रतिका ने शीर्ष क्रम में स्मृति मंधाना के साथ अच्छी भागीदारियां कीं।

भारत गुरुवार को सेमीफाइनल में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा जबकि फाइनल रविवार को होगा। रिचा घोष की फिटनेस पर भी संदेह बना हुआ है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस विकेटकीपर बल्लेबाज की उंगली में चोट लग गई थी और इसके बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ मैच से बाहर हो गईं थीं।