Breaking News

लोकसभा: 8 विपक्षी सांसदों का सस्पेंशन वापस     |   काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले की भारत ने निंदा की     |   दक्षिणी लेबनान के देबाल में इजरायल ने किया हवाई हमला     |   BJP कोर ग्रुप की बैठक आज, विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर होगी चर्चा     |   ईरान का बड़ा दावा: बहरीन और UAE में अमेरिकी ठिकानों पर हमले     |  

राष्ट्रपति मुर्मू 19 मार्च से यूपी के तीन दिवसीय दौरे पर, अयोध्या में करेंगी 'रामलला' के दर्शन

Uttar Pradesh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी और इस दौरान वह अयोध्या और मथुरा जाएंगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करेंगी और आरती में शामिल होंगी। उसी दिन वह मथुरा पहुंचकर वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर में दर्शन करेंगी और आरती में शामिल होंगी। राष्ट्रपति इसके बाद वृंदावन के प्रेम मंदिर जाएंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 मार्च को वृंदावन के वराह घाट के पास परिक्रमा मार्ग पर स्थित श्री प्रेमानंद जी महाराज आश्रम (श्री हित राधा केली कुंज) जाएंगी। वह वृंदावन में बाबा नीब करौरी की समाधि पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू वृंदावन में उड़िया बाबा आश्रम और दावानल कुंड भी जाएंगी। राष्ट्रपति 20 मार्च को वृंदावन में स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी और वृंदावन के वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी।

मथुरा के वात्सल्य ग्राम के प्रवक्ता उमाशंकर राही ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू अपनी तीन दिवसीय ब्रज यात्रा में 20 मार्च (मंगलवार) को मथुरा में साध्वी ऋतंभरा द्वारा वृन्दावन मार्ग पर स्थापित वात्सल्य ग्राम के 'समविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल में पहुंचेंगी और बच्चों से संवाद करेंगी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू 'समविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल पहुंचकर उनके सम्मान में आयोजित 'अनंत नारी शक्ति का अमर उत्सव' कार्यक्रम में बालिका कैडेट्स को संबोधित करेंगी और यशोदा माताओं व आश्रम के बच्चों से अनौपचारिक मुलाकात करेंगी। इससे पूर्व उन्हें सैनिक स्कूल में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वापसी से पूर्व वह वात्सल्य ग्राम में 'स्वर्गीय भानु प्रताप शुक्ल क्रांति कुंज' का अवलोकन करके मां सर्व मंगला मंदिर में दर्शन भी करेंगी। ऋतम्भरा भी उनके साथ रहेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 मार्च को गोवर्धन में स्थित दंगहाटी मंदिर में दर्शन करेंगी और सुबह 8:50 बजे आरती में भाग लेंगी। इसके बाद वह सुबह नौ बजे गोवर्धन की परिक्रमा करेंगी।