देश की प्रसिद्ध श्री अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो गई है। यात्रा के पहले दिन 4,800 से अधिक श्रद्धालुओं का पहला जत्था पवित्र गुफा की ओर रवाना हुआ। यह जत्था कश्मीर पहुंचने के बाद पहलगाम और बालटाल बेस कैंप से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर हर दो किलोमीटर की दूरी पर ऑक्सीजन बूथ बनाए गए हैं, ताकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सांस लेने में दिक्कत होने पर श्रद्धालुओं को तुरंत मदद मिल सके।
इसके अलावा बालटाल मार्ग पर 12 स्थानों पर वाटरप्रूफ डोम तैयार किए गए हैं। खराब मौसम या बारिश की स्थिति में ये डोम यात्रियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन, सुरक्षा बलों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात हैं। श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा, पेयजल, भोजन, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए इस पवित्र यात्रा में शामिल होते हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और मौसम की जानकारी लेते हुए यात्रा करने की अपील की है।