Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

UP: वसंत पंचमी पर वृंदावन में बांके बिहारी को गुलाल लगाकर होली शुरू, 40 दिन तक मनाई जाएगी

होली का त्योहार आने में समय है, लेकिन उत्तर प्रदेश के वृंदावन में सोमवार को वसंत पंचमी के साथ होली शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश के बृज क्षेत्र में 40 दिन तक होली मनाई जाती है। इस क्षेत्र में मथुरा, वृंदावन, आगरा और हरियाणा के कुछ हिस्से आते हैं। यहां की संस्कृति और परंपराओं में डूबी होली का त्योहार दुनिया भर में मशहूर है। 

माना जाता है कि ये क्षेत्र भगवान श्री कृष्ण से जुड़ा हुआ है। यहां उनका बचपन बीता था। मशहूर बांके बिहारी मंदिर में सोमवार को भगवान बांके बिहारी को गुलाल लगाकर होली की शुरुआत हुई। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।

वसंत पंचमी के दिन बांके बिहारी को पीले रंग के कपड़े पहनाए जाते हैं। बांके बिहारी भगवान श्री कृष्ण का ही दूसरा नाम है। ये नाम बाल कृष्ण के प्यारे और नटखट स्वभाव के अनुरूप है। श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में गुलाल दिया जाता है। वे प्रतीक के रूप में भगवान को और फिर एक-दूसरे को गुलाल लगा कर होली मनाते हैं।

वसंत पंचमी से शुरू होकर 40 दिन तक हर रोज बांके बिहारी को गुलाल लगाया जाएगा और अलग-अलग विधि-विधान से पूजा पाठ होगा। खास दिनों पर भगवान को अलग-अलग रंग के कपड़े पहनाए जाएंगे। इस पूरी अवधि में वृंदावन और मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होगी।