अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम कथा पार्क में संतों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने संतों को मिष्ठान, दक्षिणा और उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में मौजूद संतों ने अयोध्या के विकास, हिंदू धर्म और संस्कृति के संरक्षण तथा दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। संतों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हिंदू धर्म और संस्कृति को नई पहचान और मजबूती मिली है।
सुग्रीव किला अयोध्या के महंत स्वामी विश्ववेश प्रपन्नाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण आज हिंदू धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज सुरक्षित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।
हरिधाम पीठ गोपाल मंदिर के महंत जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से आज अयोध्या का नाम देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जाना जा रहा है। अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों और दीपोत्सव के भव्य आयोजन ने रामनगरी को वैश्विक पहचान दिलाई है।
संतों ने कहा- योगी सरकार ने दीपोत्सव को दिया नया स्वरूप
उदासीन आश्रम के श्रीमहंत डॉ. स्वामी भरत लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दीपोत्सव को नया आकार दिया है। उनके प्रयासों से यह आयोजन लगातार भव्य होता जा रहा है और अयोध्या की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई मिल रही है।
वहीं, वैदेही वल्लभ पुंज बावन जी मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उन पर रामलला की विशेष कृपा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व और कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है।
पहले बजबजाती थीं नालियां, आज बदल रही अयोध्या की तस्वीर
वासुदेव घाट स्थित पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास ने कहा कि अयोध्या में आज जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से संभव हुए हैं। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले अयोध्या में बजबजाती नालियां दिखाई देती थीं, लेकिन अब शहर का स्वरूप बदल रहा है। महंत मनीष दास ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा फिर से जीत हासिल करेगी, जिससे अयोध्या का और अधिक विकास होगा।
संतों ने अयोध्या की धार्मिक पहचान को बताया महत्वपूर्ण
दीपोत्सव के अवसर पर संतों ने कहा कि अयोध्या केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दीपोत्सव को जो भव्यता मिली है, उससे अयोध्या की पहचान देश-दुनिया में मजबूत हुई है। संतों ने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।