Breaking News

धर्म बदलने के साथ आरक्षण खत्म, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ‘कानून सबके लिए बराबर, पीड़ितों के साथ खड़े होना क्या गलत: सचिन पायलट     |   'PDA की हवा निकली, इनके समय में विकास नहीं हुआ', मिर्जापुर में बोले CM योगी     |   पाकिस्तान में गिरी स्कूल की छत, मारे गए 17 छात्र, एक टीचर की भी मौत     |   दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की     |  

योगी सरकार का बड़ा ऐलान: कसारी-मसारी बनेगा श्रीकृष्णपुरी, माफिया से मुक्त जमीन पर बनेंगे 1,200 गरीबों के घर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में माफिया के खिलाफ सख्त रुख दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में अब माफियागिरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी माफियागिरी करने का दुस्साहस करेगा, उसे मिट्टी में मिलने के लिए तैयार रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार में माफिया और बदमाशों को बढ़ावा मिलता था, जबकि भाजपा सरकार विकास और बदलाव लेकर आती है।

मुख्यमंत्री ने कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्मलोक आवास योजना के तहत 602 आवासों का भूमि पूजन किया। उन्होंने घोषणा की कि कसारी-मसारी क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही महाराजा बिजली पासी के नाम पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बनाया जाएगा।

माफिया से मुक्त जमीन पर बसेंगे 1,200 गरीब परिवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कसारी-मसारी में करीब 15 बीघा जमीन पर अतीक अहमद और उसके लोगों ने कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर पहले अस्तबल और अय्याशी के अड्डे बनाए गए थे। सरकार ने अवैध कब्जा हटाकर जमीन मुक्त कराई है। अब इसी जमीन पर गरीब परिवारों के लिए आवास बनाए जाएंगे।

योजना के पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 आवास बनाए जाएंगे। इस तरह कुल 1,200 परिवारों को घर उपलब्ध कराने की योजना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यहां करीब 6,000 से 6,500 लोगों के रहने के लिए आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें बाजार, पार्क, खेलकूद की सुविधाएं और जिम जैसी व्यवस्थाएं होंगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण इस परियोजना को विकसित करेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पीपलगांव में बने 556 आवासों के लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीबों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।

अतीक-अशरफ के सामने घुटने टेकती थीं पिछली सरकारें: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और अशरफ का दबदबा था। उनके मुताबिक, पिछली सरकारें उनके सामने घुटने टेक देती थीं और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उन्होंने विधायक राजू पाल की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई।

सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षित माहौल के बिना विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना संभव नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे से अर्जित संपत्ति जब्त कर उस पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा सकते हैं।

सपा पर निशाना, बोले- यूपी की पहचान बदल गई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश की छवि खराब हुई थी। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश की पहचान सुरक्षा, सुशासन और विकास से बन रही है। प्रयागराज, काशी और अयोध्या जैसे शहरों को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कसारी-मसारी को मिलेगी श्रीकृष्णपुरी की पहचान

विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने कसारी-मसारी क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाली आधुनिक टाउनशिप और गरीबों के आवासों से क्षेत्र का विकास होगा और इसे नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले लूकरगंज में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा आईटीआई

मुख्यमंत्री योगी ने महाराजा बिजली पासी के नाम पर राजकीय आईटीआई बनाने की घोषणा की। उन्होंने महाराजा बिजली पासी को 12वीं सदी का प्रतापी राजा बताते हुए उनके ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने तेलियरगंज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि मसुरियादीन पासी ने विधायक और सांसद के रूप में क्षेत्र के विकास के लिए काम किया।

यूपी में 65 लाख गरीबों को मिले पक्के मकान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, दलितों और वंचितों को बिना भेदभाव आवास, राशन, बिजली, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने प्रयागराज में चल रही विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया। इनमें गंगा नदी पर बड़े पुल का निर्माण, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और महाकुंभ के दौरान सड़कों का चौड़ीकरण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज और दिल्ली के बीच यात्रा का समय भी कम होगा। 

मंत्रियों ने भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है और माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने पद्मलोक आवास योजना को गरीबों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता बताया।

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं को बेहतर माहौल मिला है। विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भी माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाने को सुशासन और विकास का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, पूजा पाल, महापौर गणेश केसरवानी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।