अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज यानी रविवार को दुनियाभर में 2,500 स्थानों पर मनाया जा रहा है। यह 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है, जिसकी थीम स्वस्थ उम्र के लिए योग रखी गई है। यह सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए योग के महत्व को रेखांकित करती है। देश में मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित हो रहा है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। रेड रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग किया। योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग करने के लिए रेड रोड के कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हुई। पश्चिम बंगाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ताकि भारत की सांस्कृतिक विरासत और योग परंपरा को एक साथ प्रदर्शित किया जा सके। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वित प्रयासों से इस बार दुनिया के लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इन आयोजनों में 210 से अधिक भारतीय मिशन भागीदारी करेंगे।