Breaking News

MP: पन्ना में निर्माणाधीन कुआं धंसा, अब तक 5 लोगों की मौत     |   टेरर फंडिंग केस: HC ने इंजीनियर राशिद को 25 से 30 जून तक अंतरिम जमानत दी     |   कर्नाटक सीएम पर सस्पेंस: CM सिद्धारमैया की राहुल गांधी संग बैठक जारी     |   कसमंडी किला-मस्जिद विवाद: बकरीद पर विवादित स्थल पर नमाज अदा करने पर लगी रोक     |   बीजू जनता दल से इस्तीफा देने के बाद सांसद देबाशीष सामंतराय BJP में शामिल     |  

CM विष्णुदेव साय ने की अमित शाह के साथ उच्चस्तरीय बैठक, ‘बस्तर विकास मॉडल’ पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत नक्सल प्रभावित और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं। जिन गांवों में पहले एंबुलेंस पहुंचना भी मुश्किल था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और मेडिकल टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में 21.86 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है और उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं। गंभीर बीमारियों की पहचान कर मरीजों को मुफ्त इलाज और जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा शिविरों को अब धीरे-धीरे "जन सुविधा केंद्रों" में बदला जा रहा है। यहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिल रही है।

जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने से अब बस्तर के लोगों को गंभीर इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। विष्णुदेव साय ने बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की भी जानकारी दी, जिसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश को प्राथमिकता दी गई है।अमित शाह ने बस्तर में चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना की और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। गृह मंत्री अमित शाह का 18 और 19 मई को बस्तर दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।