Breaking News

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |   राष्ट्रपति मुर्मू ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए     |   गुजरात में बड़ा सड़क हादसा: राजकोट में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी; सास-बहू की मौत, 20 यात्री घायल     |   WB: अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची कोलकाता पुलिस, घर में अवैध निर्माण का नोटिस दिया था     |  

CM धामी ने खटीमा में विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, ‘दीदी की लाइब्रेरी’ बनी आकर्षण का केंद्र

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान ब्लॉक कार्यालय परिसर में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। करीब 89 लाख रुपये की लागत से तैयार इन परियोजनाओं को जनता को समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने 55 लाख रुपये की लागत से बनी आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत और आधुनिक बनाए गए जिम भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से किए गए ब्लॉक ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं छात्रों, युवाओं और आम जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी और क्षेत्र में शैक्षिक एवं सामाजिक विकास के नए अवसर पैदा करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव होती है। खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह लाइब्रेरी छात्रों को शांत और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगी, जिससे वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। नई लाइब्रेरी ऐसे छात्रों के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकें और अध्ययन सामग्री युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और अन्य शैक्षिक गतिविधियों की बेहतर तैयारी में मदद करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का मजबूत माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि खटीमा उनकी गृह विधानसभा होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिम भवन के आधुनिकीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह जिम युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करने हेतु खेल और फिटनेस सुविधाओं का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन नई सुविधाओं से क्षेत्र के छात्रों और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ने के लिए मजबूत आधार मिलेगा।