Breaking News

लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |   गुजरात: फायर डिपार्टमेंट ने अब तक 11 लोगों को बचाया     |   दुर्गा पूजा समारोह के लिए बुक होगा ईडन गार्डन्स, सरकार ने CAB को लिखा पत्र     |  

BRICS Summit 2026: दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 500 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

BRICS Summit 2026 को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में आयोजित होगा। सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों की सुरक्षा और सुचारू आवाजाही के लिए दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। BRICS Summit की तैयारियां कई महीने पहले शुरू हो गई थीं, जिसका असर अब नई दिल्ली जिले में साफ दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर BRICS के बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। कनॉट प्लेस और खान मार्केट जैसे प्रमुख इलाकों में रात के समय रोशनी भी बढ़ाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे इलाके में करीब 500 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। कुछ कैमरों में वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने की तकनीक (Number Plate Recognition) भी लगाई गई है। इन व्यवस्थाओं के जरिए इलाके की सभी प्रमुख सड़कों को कवर किया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर सुरक्षा एजेंसियां कुछ ही सेकंड में कार्रवाई कर सकेंगी और जरूरत पड़ने पर पूरे इलाके को सुरक्षित किया जा सकेगा।

BRICS Summit की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में एक अहम ब्रीफिंग भी हुई। इसमें स्पेशल पुलिस कमिश्नरों और अलग-अलग स्थानों के प्रभारी अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों की सुरक्षा योजनाओं और प्रमुख तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को बताया कि BRICS Summit पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रखी जा रही है, इसलिए दिल्ली पुलिस के जवानों के कामकाज और व्यवहार की भी निगरानी होगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, पेशेवर रवैया, विनम्रता और शिष्टाचार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही हर अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी की पूरी जिम्मेदारी लेने और किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ने को कहा गया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह सम्मेलन दिल्ली पुलिस के साथ-साथ देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे विभाग की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बनी रहे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक किए गए काम की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि BRICS Summit के दौरान भी पुलिसकर्मी इसी तरह अनुशासन और पेशेवर तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।