Breaking News

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की     |   अरविंद केजरीवाल कल मनीष सिसोदिया के घर पर होली मनाएंगे     |   कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल ईरानी जेट विमानों को मार गिराने से पहले चेतावनी दी गई थी     |   तमिलनाडु कांग्रेस चीफ बोले- DMK के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी     |   पूर्ण चंद्र ग्रहण शुरू, चंद्रोदय होते ही भारत के कई हिस्सों में आएगा नजर     |  

भारत में जन्मे शैलेश जेजुरिकर पीएंडजी के सीईओ नियुक्त, एक जनवरी से संभालेंगे कार्यभार

अमेरिका की दैनिक इस्तेमाल की घरेलू चीजें बनाने वाली प्रॉक्टर एंड गैंबल (पीएंडजी) कंपनी ने भारत में जन्मे शैलेश जेजुरिकर को अपना अगला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। जेजुरिकर एक जनवरी 2026 से उपभोक्ता सामान बनाने वाली इस बहुराष्ट्रीय कंपनी का नेतृत्व करेंगे। पीएंडजी भारतीय बाजार में भी एक अग्रणी एफएमसीजी कंपनी है जो एरियल, टाइड, व्हिस्पर, ओले, जिलेट, अम्बिपुर, पैम्पर्स, पैंटीन, ओरल-बी, हेड एंड शोल्डर्स और विक्स जैसे ब्रांड के साथ काम करती है।

सिनसिनाटी (ओहियो) स्थित कंपनी के बयान के अनुसार, जेजुरिकर (58) 1989 में सहायक ब्रांड प्रबंधक के रूप में प्रॉक्टर एंड गैंबल (पीएंडजी) में शामिल हुए थे। शीर्ष नेतृत्व परिवर्तन के तहत वे जॉन मोलर की जगह लेंगे।

पीएंडजी ने बयान में कहा गया, ‘‘शैलेश जेजुरिकर एक जनवरी 2026 से प्रॉक्टर एंड गैंबल के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में जॉन मोलर की जगह लेंगे। निदेशक मंडल ने अक्टूबर 2025 में वार्षिक शेयरधारक बैठक में निदेशक के रूप में चुनाव के लिए खड़े होने के लिए भी जेजुरिकर को नामित किया है।’’

भारतीय मूल के कई व्यक्ति बड़ी कंपनियों के शीर्ष पद पर काबिज हैं। मुरादाबाद में जन्मे सबीह खान को इस महीने की शुरुआत में आईफोन विनिर्माता कंपनी एप्पल के मुख्य परिचालन अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया। सत्य नडेला माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ हैं, जबकि सुंदर पिचाई गूगल और उसकी होल्डिंग कंपनी अल्फाबेट दोनों के सीईओ हैं।

दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक एडोब के प्रमुख और मुख्य कार्यपालक अधिकारी शांतनु नारायण और आईबीएम के चेयरमैन, अध्यक्ष और सीईओ अरविंद कृष्णा हैं। साथ वैश्विक फार्मा कंपनी नोवार्टिस के सीईओ वसंत नरसिम्हन और वैश्विक बायोटेक कंपनी वर्टेक्स की सीईओ और अध्यक्ष रेशमा केवलरमानी हैं। इसी तरह माइक्रोन टेक्नोलॉजी के चेयरमैन और अध्यक्ष संजय मेहरोत्रा, कैडेंस के अध्यक्ष और सीईओ अनिरुद्ध देवगन और शनैल की वैश्विक सीईओ लीना नायर हैं।