रूस और यूक्रेन में तीन दिन का सीजफायर खत्म होते ही रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में एक रिहायशी इमारत पर हमला कर दिया. ये एक ड्रोन हमला था. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रूसी सेना ने 12 मई की रात कीव पर फिर से हमले शुरू कर दिए. यूक्रेन की राजधानी पर यह नया हमला यूक्रेन और रूस के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से हुए अस्थायी सीजफायर के खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद हुआ है.
कितना नुकसान हुआ, इसका सटीक अंदाजा तो अभी नहीं लगाया जा सका है. लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये हमले रूस के रेगुलर अटैक की तरह ही थे. इसी तरह से वह यूक्रेन के शहरों और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करता है. सीजफायर के दौरान, कोई बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक नहीं हुई, हालांकि यूक्रेनी एयर फ़ोर्स ने रूसी ड्रोन लॉन्च और कब्जे वाले क्रीमिया से एक इस्कंदर-M बैलिस्टिक मिसाइल दागने की रिपोर्ट दी.
ईरान युद्ध के बीच रूस-यूक्रेन शांति बातचीत में कई महीने की रुकावट के बाद ऐसी जानकारी है कि अमेरिका एक बार फिर यूक्रेन और रूस के बीच मॉस्को के लिए बैन में राहत के बदले एक टेम्पररी सीजफायर डील कराने की कोशिश कर रहा है. रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिनों का अस्थायी सीजफायर मुख्य रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता और रूस के विक्ट्री डे समारोह (9-11 मई) के कारण हुआ. इस दौरान दोनों देशों के बीच 1000 युद्धबंदियों की अदला-बदली होने की बात कही गई थी. यह सीजफायर दोनों पक्षों को सैन्य राहत देने के साथ ही कूटनीतिक बातचीत के लिए एक छोटा ब्रेक था.