Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत वाली बिल्डिंग होगी ध्वस्त, कोर्ट ने जारी किए आदेश     |   बांकीपुर उपचुनाव: अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी     |   शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को डॉक्टरों से मारपीट केस में 13 जुलाई तक पुलिस कस्टडी     |   चीनी राष्ट्रपति-नॉर्थ कोरियाई प्रीमियर की बैठक में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति     |   ED की ओर से बैंक खाते फ्रीज करने पर TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया     |  

इटली पहुंचे PM मोदी, रोम में भव्य स्वागत, मेलोनी बोलीं- 'रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें अपना दोस्त बताया। रोम में भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोम पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त। इसके साथ ही उन्होंने कोलोसियम में दोनों नेताओं की पहले की एक तस्वीर भी साझा की।

पीएम मोदी के रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और वहां आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों से बातचीत की और एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था। 

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान एक इटैलियन कलाकार द्वारा बनाई गई वाराणसी के घाटों की पेंटिंग भी देखी। कलाकार ने बताया कि यह उनके जीवन के सबसे खास अनुभवों में से एक था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बहुत विनम्र थे। उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया और पूछा कि इस पेंटिंग को बनाने में कितना समय लगा। मेरे लिए यह पेंटिंग एक इटैलियन कलाकार की नजरों और भारत की रंगीन संस्कृति के बीच एक पुल है। वाराणसी एक पवित्र शहर है। मैं भारत से प्यार करता हूं और मेरी कला भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित है।

प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति देने वाली एक कलाकार ने कहा कि उन्होंने भारत में 15 साल बिताए हैं और पीएम मोदी के स्वागत में प्रस्तुति देकर उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई। वहीं, एक अन्य कलाकार ने बताया कि उनके समूह ने राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक संगीत की प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि हमने राग हंसध्वनि पर आधारित एक पारंपरिक धुन प्रस्तुत की और सभी कलाकारों ने मिलकर इस संगीत रचना को तैयार किया। भारत के प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देकर मैं ऊर्जा और प्रेरणा से भर गया हूं। मैं पूरे यूरोप में भारतीय कला और भारतीय मूल्यों को फैलाना चाहता हूं।

पीएम मोदी की यह इटली यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और इटली के रिश्तों में तेजी से मजबूती आ रही है। दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं।

साल 2025 में भारत और इटली के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के चौथे चरण में नॉर्वे पहुंचे थे। नॉर्वे से पहले उन्होंने स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का भी दौरा किया था।