Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

विदेश मंत्रालय: नेपाल के घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहा भारत

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत, नेपाल में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कई नौजवानों की मौत से बेहद दुखी है और उसे उम्मीद है कि शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों का समाधान हो जाएगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि नयी दिल्ली पड़ोसी देश के घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रही है। नेपाल में सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर सोमवार को सुरक्षा बलों और युवाओं के समूहों के बीच झड़पें हुई थीं, जिनमें 19 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम नेपाल के घटनाक्रम पर कल से ही करीब से नजर रख रहे हैं और इतने सारे नौजवानों की जान जाने से हमें गहरा दुख हुआ है।’’ मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम दिवंगतों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’ विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘एक करीबी मित्र और पड़ोसी होने के नाते, हम उम्मीद करते हैं कि सभी पक्ष संयम बरतेंगे और शांतिपूर्ण तरीकों व बातचीत के जरिए किसी भी मुद्दे का समाधान करेंगे।’’

मंत्रालय ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों से स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील भी की है। बयान में कहा गया, ‘‘यह भी संज्ञान में आया है कि अधिकारियों ने काठमांडू और नेपाल के कई अन्य शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और नियमों का पालन करें।’’