Breaking News

पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |   आज से दो दिन गुजरात के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   छत्तीसगढ़ में ‘अर्णब’ का कहर, पेंड्रा में धान की फसल बर्बाद; स्कूल-आंगनवाड़ी बंद     |  

हमले की स्थिति में ईरान देगा कड़ा जवाब, ट्रंप की चेतावनी पर बोले पेजेशकियान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मंगलवार को कहा कि किसी भी हमले की स्थिति में उनका देश कड़ा जवाब देगा। ऐसा लगता है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने के मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की चेतावनी के जवाब में उनका यह बयान आया है।

पेजेशकियान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘किसी भी क्रूर आक्रमण पर इस्लामिक गणराज्य ईरान का जवाब कठोर और हतोत्साहित करने वाला होगा।’’ ईरानी राष्ट्रपति ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया, लेकिन उनका यह वक्तव्य ट्रंप के बयान के एक दिन बाद आया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश करता है, तो अमेरिका सैन्य हमले कर सकता है।

ट्रंप ने इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ भेंट के बाद उनके संग प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘अब मैं सुन रहा हूं कि ईरान परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है और अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो हमें उन्हें रोकना होगा। हम उन्हें रोक देंगे। हम उनपर कड़ा प्रहार करेंगे, लेकिन उम्मीद है कि ऐसा नहीं हो रहा।’’

ट्रंप ने सोमवार को संकेत दिया कि वह ईरान के खिलाफ एक और अमेरिकी हमले का आदेश दे सकते हैं। पेजेशकियान ने शनिवार को कहा कि दोनों पक्षों के बीच तनाव पहले ही बढ़ चुका है। ईरान का कहना है कि वह देश में किसी भी स्थल पर अब यूरेनियम संवर्धन नहीं कर रहा है। वह पश्चिमी देशों को यह संकेत देने की कोशिश कर रहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर संभावित बातचीत के लिए तैयार है।