Breaking News

अल कायदा AQIS के डिप्टी अमीर आतिफ याह्या पर US ने रखा $10 मिलियन का इनाम     |   PM मोदी ने काशी से पुणे के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई     |   काशी दिव्य शक्तियों की भूमि है: PM मोदी     |   अफगानिस्तान ने यूनिवर्सिटी हमले को लेकर काबुल में पाकिस्तान के राजनयिक को किया तलब     |   TVK चीफ विजय ने तिरुचेंदूर मंदिर का किया दौरा     |  

बांग्लादेश में रूपपुर परमाणु संयंत्र में फ्यूल लोडिंग शुरू, ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम

बांग्लादेश के इश्‍वरदी उपजिला स्थित रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र में ईंधन लोडिंग की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। यह इस परियोजना के संचालन की दिशा में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस संयंत्र का कमीशनिंग कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, जिसके तहत मंगलवार से फ्यूल लोडिंग शुरू हुई।

उम्मीद है कि अगस्त तक इस प्लांट से करीब 300 मेगावाट बिजली बांग्लादेश के राष्ट्रीय ग्रिड में जोड़ी जाएगी। इसके साथ ही बांग्लादेश दक्षिण एशिया में भारत और पाकिस्तान के बाद परमाणु ऊर्जा उत्पादन करने वाला तीसरा देश बन जाएगा। रूस की वित्तीय और तकनीकी मदद से बनाए जा रहे इस परमाणु संयंत्र की कुल लागत 12 अरब डॉलर से अधिक है। यह परियोजना चरणों में पूरी होगी और अलग-अलग यूनिट्स के जरिए बिजली उत्पादन किया जाएगा।

पद्मा नदी के किनारे स्थित इस प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट होगी। अधिकारियों के अनुसार, इस साल के भीतर प्लांट की कम से कम एक यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। हाल ही में बांग्लादेश परमाणु ऊर्जा नियामक प्राधिकरण (BAERA) ने यूनिट-1 के लिए कमीशनिंग लाइसेंस भी जारी किया है।

फ्यूल लोडिंग शुरू होने के करीब तीन महीने के भीतर इस यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू होने की संभावना है, जबकि साल के अंत तक पूर्ण क्षमता से बिजली आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है। रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र को बांग्लादेश के ऊर्जा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक परियोजना माना जा रहा है, जो देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।