Breaking News

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी CBI की बैठक के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे     |   बीजेपी विधायक तपस रॉय ने बंगाल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर ली शपथ     |   बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस को 10 दिन की ईडी कस्टडी में भेजा गया     |   NEET परीक्षा मामले में नासिक पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया     |   सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की     |  

कैलिफोर्निया की मेयर ने चीन की एजेंट होने का अपराध किया स्वीकार, पद से दिया इस्तीफा

USA: कैलिफोर्निया के अर्काडिया शहर की मेयर ने चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने ये जानकारी दी। एलीन वांग ने अर्काडिया के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया और उम्मीद है कि वे लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में भी अपना अपराध स्वीकार कर लेंगी।

संघीय अभियोजकों ने सोमवार को बताया कि वांग (58) और उस समय उनके मंगेतर रहे याओनिंग ‘माइक’ सन पर चीन के सरकारी अधिकारियों के इशारे पर अमेरिका में चीन का प्रचार करने का आरोप है। सन (65) पिछले साल अक्टूबर में एक संघीय अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने के बाद चार साल की जेल की सजा काट रहा है।

एक संबंधित याचिका में वांग ने उन पर लगे आरोप अदालत में स्वीकार करने पर सहमति जताई है और इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल की सजा हो सकती है। वांग नवंबर 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं, जो पांच सदस्यीय शासी निकाय है और इसमें महापौर का चयन बारी-बारी से होता है।

कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के फर्स्ट असिस्टेंट यूएस अटॉर्नी बिल एस्सेली ने कहा, ‘‘हमारे देश में वे लोग जो गुपचुप तरीके से विदेशी सरकारों के इशारों पर काम करते हैं, वे हमारे लोकतंत्र को कमजोर करते हैं।’’ एफबीआई के काउंटर इंटेलिजेंस और जासूसी प्रभाग के सहायक निदेशक रोमन रोजावस्की ने कहा, “खुद एलीन वांग ने स्वीकार किया है कि वे गुप्त रूप से चीन सरकार के हितों के लिए काम कर रही थीं।”

रोजावस्की ने कहा, “इसे एक साफ चेतावनी के रूप में लिया जाए कि जो लोग विदेशी सरकारों की ओर से हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे, उनकी पहचान की जाएगी, उनकी जांच होगी और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने कहा, “अमेरिका में सार्वजनिक पदों पर निर्वाचित व्यक्तियों को केवल उन अमेरिकी लोगों के हित में कार्य करना चाहिए, जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं।”

याचिका के अनुसार, 2020 के अंत से लेकर 2022 तक, वांग और सन ने चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश और नियंत्रण में काम किया, ताकि बीजिंग के हितों को आगे बढ़ाया जा सके, जिसमें दूसरी बातों के साथ-साथ अमेरिका में चीन के समर्थन में प्रचार करना शामिल था।