तुर्किये में मंगलवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हुआ। पश्चिमी तुर्किये में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायु सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पांच सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
एएस-532 कूगर हेलीकॉप्टर ने एस्किसेहिर से प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एस्किसेहिर में वायु सेना का ‘फर्स्ट मेन जेट बेस कमांड’ भी स्थित है।
रक्षा मंत्रालय ने हादसे के बाद बयान जारी कर बताया कि हेलीकॉप्टर का मलबा मिल गया है। शुरुआत में मौके पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा था। बाद में मंत्रालय ने हेलीकॉप्टर में सवार पांचों सैन्यकर्मियों की मौत की जानकारी दी। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि हादसे में वायु सेना के पांच बहादुर जवानों की जान चली गई।
कुछ हफ्तों में दूसरा हेलीकॉप्टर हादसा
तुर्किये की सेना के साथ पिछले कुछ हफ्तों में यह दूसरा हेलीकॉप्टर हादसा है। इससे पहले 12 नवंबर को दक्षिणी तुर्किये में मलात्या के पास सेना का सिकोरस्की एस-70 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में चालक दल के चार सदस्यों की मौत हुई थी।
क्या है एएस-532 कूगर हेलीकॉप्टर?
एएस-532 कूगर एक ट्विन-इंजन यानी दो इंजन वाला बहुउद्देश्यीय हेलीकॉप्टर है। इसका इस्तेमाल दुनिया की कई सेनाएं करती हैं। इस हेलीकॉप्टर का उपयोग सैन्यकर्मियों और सामान को ले जाने समेत अलग-अलग सैन्य कार्यों के लिए किया जाता है।