Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

अजमेर शरीफ दरगाह में बड़ी देग में कूदा युवक, मची अफरा-तफरी, CCTV में कैद हुई घटना

राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर दरगाह परिसर में स्थित विशाल कड़ाह 'बड़ी देग' में छलांग लगा दी। यह पूरी घटना दरगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक दौड़ते हुए बड़ी देग की ओर गया। वहां मौजूद कर्मचारी और खादिम उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह उनके पहुंचने से पहले ही देग में कूद गया।

घटना के समय बड़ी देग में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद और आभूषण भी मौजूद थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए दरगाह परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरगाह समिति के कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, उसे बाहर निकालते समय कुछ कर्मचारियों ने उसकी पिटाई भी कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उसकी पहचान और इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस घटना में किसी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दरगाह समिति, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। सीसीटीवी फुटेज की भी विस्तार से जांच की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।