Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

योगी सरकार के ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य को आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर से मिलेगी नई गति

उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए योगी सरकार आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास पर जोर दे रही है। इसी दिशा में बुधवार को योजना भवन, लखनऊ में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने की।

बैठक में विभाग की विभिन्न नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तकनीक आधारित विस्तार देने के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को विकास का आधार बनाने पर जोर

बैठक में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इन क्षेत्रों के जरिए प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, नवाचार को बढ़ावा देने और आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

आईटी नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नीति, सेमीकंडक्टर नीति, डेटा सेंटर नीति, स्टार्टअप नीति और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) से जुड़े प्रावधानों के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने अधिकारियों को विभाग की सभी नीतियों और योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नई पहलों और प्रोत्साहन योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में अंतिम रूप देकर लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि इसका लाभ निवेशकों, कंपनियों और युवाओं तक पहुंच सके। उन्होंने निवेश प्रस्तावों की स्वीकृति, प्रोत्साहन वितरण और परियोजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास पर फोकस

बैठक में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ रोजगार सृजन और कौशल विकास को भी प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे।अधिकारियों को विभिन्न विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

तकनीकी रूप से सशक्त यूपी की दिशा में कदम

बैठक में आगामी कार्ययोजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम में तेजी लाने पर जोर दिया गया। आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में निवेश, नवाचार, रोजगार, स्टार्टअप और तकनीकी विकास को गति देने की दिशा में काम किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार, विशेष सचिव/प्रबंध निदेशक यूपी डेस्को आकांक्षा राणा, विशेष सचिव/प्रबंध निदेशक यूपीएलसी जसजीत कौर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।