Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

योगी सरकार बढ़ाएगी बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की पेंशन, 1000 से बढ़कर 1500 रुपये करने की तैयारी

उत्तर प्रदेश में बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। योगी सरकार तीनों पेंशन योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। प्रस्तावों को नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कैबिनेट के सामने पेश किए जाने की संभावना है।

सरकार का लक्ष्य तीसरी तिमाही से बढ़ी हुई पेंशन देने का है। इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। हालांकि, पेंशन में बढ़ोतरी कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही लागू होगी। प्रस्ताव मंजूर होने पर लाभार्थियों को हर महीने 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

सालाना 6 हजार रुपये का होगा अतिरिक्त लाभ

पेंशन 1000 रुपये से बढ़कर 1500 रुपये होने पर लाभार्थियों को तीन महीने में 4500 रुपये मिलेंगे, जबकि अभी उन्हें 3000 रुपये मिलते हैं। इस तरह सालाना पेंशन 12 हजार रुपये से बढ़कर 18 हजार रुपये हो जाएगी। यानी प्रत्येक लाभार्थी को सालाना 6000 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं।

1.20 करोड़ से अधिक लोगों को मिलेगा फायदा

इन तीनों योजनाओं के तहत प्रदेश में 1.20 करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन योजना के 67 लाख से अधिक बुजुर्ग, निराश्रित महिला पेंशन योजना की 42 लाख से अधिक महिलाएं और दिव्यांगजन पेंशन योजना के 12 लाख से अधिक लाभार्थी शामिल हैं।

निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत दूसरी तिमाही में 42,35,911 महिलाओं को लाभ मिला, जबकि पहली तिमाही में यह संख्या 41,37,176 थी। इस दौरान 98,735 महिला लाभार्थी बढ़ीं।

2017 के बाद अब फिर बढ़ेगी पेंशन

योगी सरकार ने वर्ष 2017 के बाद वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन की राशि को पहले 500 रुपये और फिर बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह किया था। निराश्रित महिला पेंशन भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये की गई थी। अब इसे 1500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी है। प्रस्ताव लागू होने पर तीनों योजनाओं की पेंशन वर्ष 2017 के मुकाबले तीन गुना हो जाएगी।

बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेगा आर्थिक संबल

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन में बढ़ोतरी से 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि पेंशन वृद्धि दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मददगार होगी।