उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसकी संभावनाओं को विकसित करने के लिए योगी सरकार ने अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट सेंटर के संचालन के लिए राज्य सरकार, मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को मंजूरी दी गई है। इस समझौते के जरिए पूर्वी उत्तर प्रदेश में मछली पालन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों से बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ मत्स्य पालकों की आय और रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 13.31 लाख टन मत्स्य उत्पादन हो रहा है। नए एमओयू के माध्यम से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन की संभावनाओं का विस्तार किया जाएगा। सरकार के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के इस्तेमाल से मछली उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इससे मत्स्य पालकों को बेहतर अवसर मिल सकते हैं और क्षेत्र में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।