आईएमए गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है। एम्स की शुरुआत के बाद गोरखपुर हेल्थ हब के रूप में विकसित हो रहा है। अब पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार और नेपाल से भी लोग इलाज के लिए गोरखपुर पहुंच रहे हैं।
आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण समारोह में डॉ. आरपी शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने ब्लड सेंटर के निदेशक डॉ. अवधेश अग्रवाल और अन्य चिकित्सकों का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आईएमए के माध्यम से लोगों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि गोरखपुर में जापानी इंसेफेलाइटिस समेत कई बीमारियों का इलाज अब आसानी से उपलब्ध हो रहा है। मेडिकल छात्रों को दोगुना स्टाइपेंड मिल रहा है और मानसिक दिव्यांगों के लिए संस्थान भी संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में टीबी और कैंसर के इलाज के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक जांच और अंग प्रत्यारोपण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विधायक विपिन सिंह ने कहा कि पहले गोरखपुर में डॉक्टरों के अपहरण की घटनाएं आम थीं। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुरक्षा के लिए खड़े हैं। विपिन सिंह के मुताबिक, अब बिहार और नेपाल समेत आसपास के क्षेत्रों से लोग इलाज के लिए गोरखपुर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में विकास कार्य हुए हैं, जिससे शहर की जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हुए कहा कि आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा खत्म हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सभी का अभिभावक बताते हुए आभार जताया। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की स्थिति से बाहर निकलकर विकास की दिशा में आगे बढ़ा है।