Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, हीटवेव से राहत के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आने का अनुमान जताया है। अगले तीन दिनों में कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के असर से मौसम बदलेगा, जिससे आंधी, बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।

IMD ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर चल रहा था, लेकिन 28 मई से 30 मई के बीच अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कुछ जगहों पर तापमान 10 डिग्री तक भी कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

हालांकि, मौसम विभाग ने तेज आंधी और तूफान को लेकर भी चेतावनी दी है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, जबकि कहीं-कहीं यह 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।