Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |   राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित     |   अरुणाचल में चीनी घुसपैठ की खबरों के बीच जयशंकर-राजनाथ की मुलाकात     |   'आज तीन बजे से चर्चा शुरू करेंगे, मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार' अमित शाह ने विपक्ष को दिया चैलेंज     |  

केदारनाथ यात्रा पर मौसम का असर, ऑरेंज अलर्ट के बीच हेलीकॉप्टर सेवाएं बंद

जिले में जारी दो दिन के ऑरेंज अलर्ट के चलते केदारनाथ यात्रा पर खराब मौसम का असर साफ दिख रहा है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक कड़ी निगरानी रखते हुए अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए केदारनाथ धाम सहित फाटा, सोनप्रयाग, सिरसी और गुप्तकाशी में हेलीकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेक्टर मजिस्ट्रेट, डीडीआरएफ व पुलिस टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

केदारनाथ धाम में मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है और बढ़ती ठंड श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा रही है। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी लेने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि ऑरेंज अलर्ट के दूसरे दिन भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ असामाजिक तत्व साधु के वेश में सक्रिय हो सकते हैं, जिसे देखते हुए पुलिस को ‘ऑपरेशन कालनेमी’ चलाकर संदिग्ध लोगों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।