मुंबई में इंडिया अलायंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि अधीर रंजन चौधरी फैसला लेने वाले नहीं हैं. फैसला हम लेते हैं. प्रेस वार्ता के समय उनसे पूछा गया कि ”ममता बनर्जी कहती हैं अगर इंडिया अघाड़ी की सरकार बनती है तो वह बाहर से सपोर्ट करेंगी, इस पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि वह ममता पर भरोसा नहीं करते. आगे जाकर वो बीजेपी के भी साथ जा सकती हैं”…इसके जवाब में खरगे ने कहा कि पहले तो ममता बनर्जी ने कहा कि वे बाहर से समर्थन करेंगी. बहुत सी पार्टियां ऐसा करती हैं. हाल ही में उनका एक और बयान आया है कि अगर सरकार बनती है तो वे सत्ता में शामिल हो जाएंगी. ममता बनर्जी गठबंधन के साथ हैं, ये स्पष्ट है. अधीर रंजन चौधरी निर्णय लेने वाले नहीं हैं. निर्णय लेने वाले हम हैं, कांग्रेस पार्टी है, हाईकमान है. हम जो तय करेंगे, उन्हें फॉलो करना होगा, अगर कोई फॉलो नहीं करता है तो वो बाहर जाएगा.