Breaking News

पुणे के कोंढवा में क्लोरीन गैस लीक, 24 लोग अस्पताल में भर्ती     |   होर्मुज में नाकाबंदी से वैश्विक शिपिंग बाधित होने के कारण Pak ने ईरान के लिए खोले 6 जमीनी रास्ते     |   दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, गैस का रिसाव होने से कार में लगी आग, जिंदा जले 5 लोग     |   ईरान के खिलाफ युद्ध में अब तक 25 अरब डॉलर खर्च कर चुका है अमेरिका     |   गृह मंत्री अमित शाह करेंगे लद्दाख का दौरा     |  

दिग्गज फिल्म निर्माता एवीएम सरवनन का चेन्नई में निधन

प्रतिष्ठित एवीएम स्टूडियोज के मालिक और दिग्गज फिल्म निर्माता एम सरवनन का चेन्नई में वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वे 86 साल के थे। सरवनन कुछ सालों से बीमार चल रहे थे। लोकप्रिय रूप से एवीएम सरवनन के नाम से पहचाने जाने वाले निर्माता ने 1946 में स्थापित एवीएम स्टूडियो का कार्यभार 1979 में अपने पिता एवी मय्यप्पन के निधन के बाद संभाला। उनके नेतृत्व में एवीएम एक प्रमुख फिल्म निर्माण कंपनी बनी रही और उन्होंने तमिल, तेलुगु, हिंदी सहित अन्य भाषाओं की फिल्मों में काम किया।

सरवनन ने अपने भाई एम. बालसुब्रमण्यम के साथ मिलकर 1950 के दशक से व्यावसायिक तमिल सिनेमा को आकार देने में अहम भूमिका निभाई।
उनकी फिल्में विशेष रूप से 'नानम ओरु पेन' (1963) और 'संसारम अधु मिनसारम' (1986) काफी सराही गईं। मय्यप्पन के निधन के बाद एवीएम प्रोडक्शंस ने अभिनेता रजनीकांत के साथ 1980 में 'मुरट्टु कालई' बनाकर वापसी की। यह फिल्म उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बनी और रजनीकांत को सुपरस्टार के रूप में स्थापित करने में सहायक रही।

अभिनेता कमल हासन ने भी 1960 में एवीएम द्वारा निर्मित फिल्म 'कलत्तूर कन्नम्मा' से बाल कलाकार के रूप में करियर की शुरुआत की थी। सरवनन ने एवीएम स्टूडियोज को एक प्रमुख शूटिंग केंद्र बनाए रखा और टेलीविजन धारावाहिकों तथा नये मीडिया प्रारूपों में भी प्रवेश किया। उन्होंने 1986 में मद्रास के शेरिफ के रूप में भी कार्य किया। उनके परिवार में उनके बेटे एम एस गुहान हैं, जो फिल्म निर्माता हैं।