Breaking News

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया, शुरू की आगे की जांच     |   निठारी कांड में बरी होने के बाद हरिद्वार में रहने लगा था सुरेंद्र कोली, बेचता था चाय     |   निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी     |   FSSAI की बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को लेकर नेस्ले इंडिया पर कानूनी कार्रवाई     |   तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |  

UPITS 2026: अंतरराष्ट्रीय बाजार में चमकेगा मेरठ का कारोबार, 50 से अधिक उद्यमी दिखाएंगे उत्पाद

मेरठ के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए जिले के 50 से अधिक उद्यमी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में हिस्सा लेंगे। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में ओडीओपी, एमएसएमई, ओडीओसी के साथ महिला और युवा उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। प्रदेश सरकार की पहल से उद्यमियों को विदेशी खरीदारों से सीधे संवाद करने, नए बाजार तलाशने और कारोबार का विस्तार करने का अवसर मिलेगा।

उद्यान विभाग की ओर से खेड़ा गांव के पॉली हाउस में आधुनिक तकनीक से खेती करने वाले रविंद्र कुमार भी ट्रेड शो में शामिल होंगे। उनके पॉली हाउस में शिमला मिर्च और तोरई जैसी सब्जियों के साथ गुलाब और जरबेरा के फूल तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, युवा उद्यमी भारत अघेरा की कंपनी रेनट्रोव नेचुरल्स शहद उत्पादन और कारोबार से जुड़ी उपलब्धियां प्रदर्शित करेगी। कंपनी को पिछले वर्ष 46 टन शहद का विदेशी ऑर्डर मिला था। वर्तमान में कंपनी का वार्षिक कारोबार तीन करोड़ रुपये से अधिक है। अनुभी एंटरप्राइजेज की मधु अग्रवाल अचार, सत्तू और खाद्य जैम सहित विभिन्न उत्पादों के जरिए महिला उद्यमिता का उदाहरण पेश करेंगी।

जिला उद्योग केंद्र से जुड़े उद्यमी भी यूपीआईटीएस में हिस्सा लेंगे। हॉल-14 में जिले के सात नए निर्यातकों को 9 स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इनमें प्रिंसेस स्पोर्ट्स और तुलसी इंटरनेशनल एंड स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के दो-दो स्टॉल शामिल हैं। इसके अलावा सनी स्पोर्ट्स, एमएस इंटरनेशनल, यूनिक डेकोर, श्री एंटरप्राइजेज और मार्शल एक्सपोर्ट्स के एक-एक स्टॉल होंगे।

ओडीओपी श्रेणी के हॉल-9 में एक्टिव स्पोर्ट्स के दो स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं इरशाद मैजिक क्राफ्ट्स, जीए स्पोर्ट्स, क्राफ्ट मेकर्स आर्ट्स, रैनेशा स्पोर्ट्सवियर, सोल फॉर अर्थ और क्लासिक हैंडलूम के एक-एक स्टॉल होंगे। इसके अलावा निर्यातक श्रेणी के हॉल-15 में मेरठ के छह और एमएसएमई श्रेणी के हॉल-10 में नौ उद्यमियों के लिए 10 स्टॉल लगाए जाएंगे।

यूपीआईटीएस में आने वाले लोगों को मेरठ की प्रसिद्ध रेवड़ी, गजक और नानखटाई का स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा। प्रदेश सरकार ने स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक व्यंजन, एक उत्पाद’ यानी ओडीओसी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत मेरठ में रेवड़ी, नानखटाई और गजक बनाने वाले तीन उद्यमियों को निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय ने बताया कि यूपीआईटीएस मेरठ के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ सीधे बातचीत करने का अवसर देगा। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित करने और निर्यात बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।