Breaking News

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया, शुरू की आगे की जांच     |   निठारी कांड में बरी होने के बाद हरिद्वार में रहने लगा था सुरेंद्र कोली, बेचता था चाय     |   निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी     |   FSSAI की बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को लेकर नेस्ले इंडिया पर कानूनी कार्रवाई     |   तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |  

UP International Trade Show 2026: खेलों के नए केंद्र के रूप में दुनिया के सामने आएगा मेरठ, पहली बार लगेगा खेल विभाग का पवेलियन

मेरठ अब खेल प्रतिभाओं के साथ-साथ खेल शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 में पहली बार खेल विभाग का अलग पवेलियन तैयार किया जा रहा है। करीब 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस पवेलियन में मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।

पवेलियन में उत्तर प्रदेश की खेल उपलब्धियों, आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को डिजिटल डिस्प्ले, मॉडल और वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। खेल निदेशालय, प्रादेशिक विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग, स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल यूनिवर्सिटी संयुक्त रूप से इसमें हिस्सा लेंगे।

ट्रेड शो में आने वाले लोगों को मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी में संचालित पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इससे खेल के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण के विकल्पों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।प्रदेश की प्रमुख खेल परियोजनाओं को थ्री-डी मॉडल के जरिए भी प्रदर्शित किया जाएगा। मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी के अलावा अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर में विकसित हो रही खेल सुविधाओं के मॉडल पवेलियन में रखे जाएंगे।

वहीं, खेल ढांचे के विकास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से आगंतुकों को प्रदेश में तैयार की जा रही खेल सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।पवेलियन में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी जगह दी जाएगी। तस्वीरों, वीडियो और डिजिटल स्क्रीन के जरिए खिलाड़ियों की सफलताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और उनके प्रदर्शन की कहानी को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।

युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए पवेलियन में इंटरएक्टिव गेमिंग जोन तैयार किया जा रहा है। इसमें फुटबॉल, हॉकी और टेबल टेनिस समेत चार खेलों पर आधारित डिजिटल गेम होंगे, जिनमें आगंतुक खुद हिस्सा ले सकेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के तौर पर छोटे उपहार भी दिए जाएंगे।

पवेलियन में जेन-जी को ध्यान में रखते हुए फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल और खिलाड़ियों के डिजिटल डेटा को व्यवस्थित करने की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी। तकनीक के जरिए खिलाड़ियों की पहचान करने और उनके प्रदर्शन का विश्लेषण करने में आने वाले बदलावों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

युवा कल्याण विभाग की ओर से युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की गतिविधियों, पुरस्कारों और उपलब्धियों को भी पवेलियन में प्रदर्शित किया जाएगा। खेल विभाग के विशेष सचिव विनीत कुमार के अनुसार, प्रदेश में खेल विद्यालयों, खेल विश्वविद्यालयों, स्पोर्ट्स हॉस्टल और उच्च उत्कृष्टता केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को अवसर देने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।