Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

UP: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन आज से यूपी के दो दिवसीय दौरे पर, लखनऊ में होगा भव्य रोड शो

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। वह दो दिन तक प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों से लेकर जिला और शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करके फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी मंथन करेंगे और 2027 की तैयारियों को धार देंगे।

गठबंधन के नेताओं से करेंगे मुलाकात

नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला संगठनात्मक दौरा है। नवीन इन दो दिन में बीजेपी के अलावा गठबंधन दलों के नेताओं से भी संवाद करेंगे। उनके साथ बैठकों में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी रहेंगे। बैठकों का मुख्य मकसद नई टीम में जोश भरना और सभी से फीडबैक लेकर 2027 की तैयारियों को धार देना है।

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों-विधायकों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, गठबंधन के नेताओं, दोनों डिप्टी सीएम और सीएम के साथ बैठकें कर फीडबैक लेंगे। वह पिछले चुनावों का फीडबैक लेने के साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव की चुनौतियों को भी जानेंगे। उसके आधार पर प्रमुख पार्टी पदाधिकारियों और सीएम सहित पार्टी के बड़े नेताओं के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर चर्चा करेंगे। वह शनिवार को सुबह 11 बजे लखनऊ पहुंचेंगे।

नितिन नवीन का आज का कार्यक्रम

नबीन शनिवार को सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद वह सीधे बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। भव्य रोड शो शक्ल में आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा होते हुए बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे। रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 

कार्यालय पहुंचने के बाद नवीन प्रदेश बीजेपी पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। वह शाम 4 बजे पुराना हैदराबाद हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री, दोनों उप-मुख्यमंत्री, बीजेपी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके ठीक बाद वे बीजेपी कोर कमिटी के साथ बैठक करेंगे। शाम 7:45 बजे वह पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ आवास पर उनसे मुलाकात करेंगे। वे रात का भोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ करेंगे।

अगले दिन रविवार को नबीन दिन की शुरुआत पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद से करेंगे। इसके बाद एनडीए नेताओं के साथ सुबह 9:30 बजे संयुक्त बैठक करेंगे। सुबह 10:30 बजे उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग चर्चा करेंगे। दोपहर 2:45 बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल जाएंगे। यहां पर बीजेपी के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे बीजेपी लखनऊ के पीर नगर स्थित बीजेपी के बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे और बूथ पर बीजेपी की गतिविधियो एवं कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।