Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

AIADMK के दो वरिष्ठ नेता TVK में होंगे शामिल, 2 जुलाई को जोसेफ विजय की मौजूदगी में करेंगे जॉइन

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। AIADMK के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री सी. विजयभास्कर तथा एम.आर. विजयभास्कर ने घोषणा की है कि वे 2 जुलाई को तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल होंगे। दोनों नेताओं ने अलग-अलग बयान जारी कर कहा कि वे अभिनेता और TVK प्रमुख जोसेफ विजय (थलापति विजय) के नेतृत्व में अपनी राजनीतिक और जनसेवा की नई पारी शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनता के बीच रहकर अधिक प्रभावी ढंग से काम करने और जनसेवा के उद्देश्य से लिया गया है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन 35 वर्षों से अधिक का रहा है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निभाई गई अपनी जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में उन्होंने पूरी निष्ठा से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की भूमिका पर गंभीर विचार के बाद उन्होंने TVK में शामिल होने का फैसला लिया है।

वहीं, पूर्व परिवहन मंत्री एम.आर. विजयभास्कर ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन 43 वर्षों से अधिक का रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल को परिवहन विभाग के लिए "स्वर्णिम दौर" बताते हुए कहा कि इस दौरान विभाग को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने करूर क्षेत्र में राहत और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

दोनों नेताओं ने जोसेफ विजय के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि TVK के मंच से वे तमिलनाडु के विकास और जनकल्याण के लिए अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे। TVK में उनका औपचारिक प्रवेश समारोह 2 जुलाई सुबह 9 बजे महाबलीपुरम स्थित फोर पॉइंट्स बाय शेराटन होटल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। AIADMK के दो अनुभवी नेताओं के शामिल होने से TVK को संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मजबूती मिल सकती है।