Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को गति, प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों पर अंतिम परिणाम जारी

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने परिवहन विभाग में प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों पर अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। विज्ञापन संख्या-04-परीक्षा/2023 के तहत मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक एवं शारीरिक प्रवीणता/दक्षता परीक्षा और अभिलेख परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी 477 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची और संबंधित कट-ऑफ अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

सभी 477 पदों पर हुआ चयन

प्रवर्तन कांस्टेबल के कुल 477 पदों में 225 अनारक्षित, 93 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 99 अन्य पिछड़ा वर्ग और 47 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पद शामिल थे। आयोग ने सभी पदों के सापेक्ष 477 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया है।

महिला और पूर्व सैनिक श्रेणी में भी चयन

क्षैतिज आरक्षण के तहत महिला श्रेणी के लिए निर्धारित 95 पदों पर 95 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सैन्य वियोजित/भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में विज्ञापित 23 पदों के सापेक्ष सभी 23 पदों पर चयन किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित वर्ग के लिए विज्ञापित नौ पदों के सापेक्ष उपलब्धता के अनुसार तीन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं, इस श्रेणी के छह अवशेष पदों और उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के नौ पदों के लिए संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमानुसार मेरिट के क्रम में अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया। आयोग के अनुसार क्षैतिज आरक्षण के तहत चयनित अभ्यर्थी अपनी मूल श्रेणी में समाहित हैं।

39 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक

अंतिम परिणाम में 39 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से शामिल किया गया है। इनका अंतिम चयन आवश्यक प्रपत्रों और प्रमाण पत्रों के परीक्षण के बाद आयोग के निर्णय के अधीन रहेगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित विज्ञापन के संबंध में उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं और विशेष अपीलों में पारित होने वाले आदेशों तथा भविष्य में दायर होने वाले मामलों में पारित आदेशों के अधीन रहेगा।

वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम और कट-ऑफ

आयोग के अनुमोदन के बाद 477 चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची चार पृष्ठों में और कट-ऑफ एक पृष्ठ में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और कट-ऑफ देख सकते हैं।

प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती की चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक मानक, दक्षता परीक्षा और अभिलेख परीक्षण को शामिल किया गया था। अंतिम परिणाम जारी होने के साथ 477 पदों की चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है।